झांसी। कोरोना वायरस को लेकर पूरे देश में कोहराम मचा हुआ है। इसे लेकर गेहूं खरीद की तैयारियों पर भी ब्रेक लग गया है। वहीं किसान गेहूं की कटाई को लेकर चिंता में हैं। किसान कटाई के दौरान खांसी और जुकाम की दिक्कत होने के चलते कटाई से परहेज कर रहे हैं। उधर, एक अप्रैल से होने वाली गेहूं की खरीद आगे बढ़ाने की तैयारी चल रही है।
दरअसल, रबी की फसल की कटाई को लेकर किसानों ने तैयारी शुरू कर दी है। कुछ किसानों ने कटाई का काम पूरा भी कर लिया है। जबकि तमाम किसान कोरोना के चलते गेहूं कटाई को लेकर पसोपेश में हैं। किसानों का मानना है कि अधिकांशत: गेहूं की कटाई के दौरान खांसी और जुकाम की समस्या हो जाती है। जबकि कोरोना के लक्षण भी इससे मिलते-जुलते हैं। ऐेसे में किसान गेहूं की कटाई करने से बच रहे हैं। उधर, मौसम की मार को लेकर भी किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। अगर वह गेहूं कटाई नहीं करते हैं और मौसम बिगड़ता है, तो फसल खराब होने का डर है। किसानों का यह भी कहना है कि कोरोना के चलते गेहूं खरीद शुरू होने की उम्मीद कम है, तो केंद्र तक गेहूं कैसे पहुंचेगा। प्रशासन भी एक अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। जिले में गेहूं खरीद के लिए 57 केंद्रों का अनुमोदन किया गया है।