झांसी। झांसी में फिर से कोरोना का हमला हुआ है। एंटीजन किट से जांच कराने पर जेल में एक कैदी समेत दो लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। बड़ी बात ये है कि एक युवक रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद फरार हो गया। स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को सूचना दी है। उसकी तलाश की जा रही है।
झांसी में 40 दिनों के बाद फिर से कोरोना की दस्तक हो गई है। हल्की बुखार की शिकायत पर सोमवार को जेल में एक कैदी की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंटीजन किट से कोरोना की जांच की तो रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। उसे जेल में ही क्वारंटीन कर दिया गया है। साथ ही आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लेकर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। वहीं, मोंठ के अमरौख गांव निवासी एक युवक हल्के बुखार और खांसी की शिकायत पर नंदनपुरा में रहने वाले अपने दोस्त के पास पहुंचा और अस्पताल ले चलने की बात कही। दोस्त उसे नजदीक की राजघाट सीएचसी ले गया। जहां एंटीजन किट से कोरोना की जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। युवक को भनक लगते ही वो सीएचसी से फरार हो गया। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। युवक की तलाश जारी है।