भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक धनंजय कुमार सिंह ने कहा उत्तर प्रदेश में 8500 सहकारिता समितियों में तीन हजार जन जागरूकता के कारण पूरी तरह निष्क्रिय पड़ी हुई हैं। प्रदेश सरकार इन समितियों को चालू कर किसानों को जोड़ने का प्रयास कर रही है, ताकि समितियों के सशक्त होने पर किसान आर्थिक रूप से मजबूत हो सके। रविवार को यह बात उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारों के बीच कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन पूर्व की सपा और बसपा सरकार ने समितियों को आगे बढ़ाने के बजाए एक दायरे में रखा। गिने-चुने लोगों का ही इन पर कब्जा बना रहा। सहकारी समिति मजबूत होने पर किसानों की आय बढ़ेगी, क्योंकि समिति के माध्यम से किसानों को सस्ता अनाज, बीज, खाद और ऋण उपलब्ध होता है। उन्होंने कहा कि सरकार गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के राज्यों की तरह सहकारिता आंदोलन को विकसित करना चाहती है। क्रय केंद्र और भंडारण भी समिति के भाग है।
सहकारिता के माध्यम से किसानों को कई सुविधाएं दी जाएगी। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि जो समितियों के भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उनकी जांच सख्ती से कार्रवाई जाएगी। इस मौके पर सहकारिता प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक अरविंद सिंह सचान, प्रदीप सरावगी, दिगंत चतुर्वेदी, प्रियांशु डे उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों में जुट
झांसी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 24 मई को आएंगे। रविवार को भाजपा महानगर इकाई की बैठक में बताया गया कि वह 24 मई की सुबह सात बजे ओरछा रामराजा सरकार के दर्शन के बाद करगुवां जैन तीर्थ स्थल में चल रहे यति महासम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं की बैठक में भाग लेंगे। बैठक में विधायक रवि शर्मा, अमित साहू, संतोष गुप्ता, संतोष सोनी, सुबोध गुबरेले, उपस्थित थे।
केंद्र सरकार की योजनाएं बताईं
बबीना। बबीना के सेक्टर पुनावली के ग्राम डेली एवं पाली पहाडी में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी दीपक सिंह ने ग्रामीणों को केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर बूथ अध्यक्ष बनमाली साहू, रामबाबू कुशवाहा, विपिन कुशवाहा, बलराम प्रजापति, हरदयाल कुशवाहा, हरिओम, रामपाल आदि मौजूद रहे।