डीएम ने कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश, कंट्रोल रूम के टेलीफोन नंबर जारी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। लोकसभाा चुनाव की जानकारी और शिकायत के लिए कलेक्ट्रेट स्थित जन सुविधा केंद्र के अतिरिक्त गांधी सभागार में इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। डीएम अविनाश कुमार ने मंगलवार को कंट्राेल रूम का औचक निरीक्षण किया।
डीएम ने बताया कि झांसी-ललितपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन आदि के संबंध में जानकारी देने अथवा शिकायत करने के अतिरिक्त सी विज़ल अथवा सुविधा ऐप पर अनुमति प्राप्त करने के लिए आवेदन करने हेतु कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी गई है, जिसका टेलीफोन नंबर 0510-2371199, 2371100 एवं टोल फ्री नंबर-1950 है। उन्होंने सोशल मीडिया आदि पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आकाश रंजन ने एनजीएसपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति की जानकारी दी और ऑनलाइन शिकायतों को दिखाया। डीएम ने सी-विज़िल पर शिकायत आने पर कैसे एफएसटी को भेजी जायेगी इसकी प्रक्रिया की जानकारी ली। इस मौके पर नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे अशोक कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट विधेश कुमार, डीआईओ एनआईसी मोहम्मद आसिफ, अंकित गुप्ता
आदि मौजूद रहे।