झांसी में सोमवार सुबह ग्वालियर मार्ग पर सिमरधा के पास बिजली की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से एक कंटेनर में आग लग गई, जिससे उसमें लदी आठ कारें जल गईं। करंट लगने से ड्राइवर की भी मौत हो गई। फायर ब्रिगेड को आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
चेन्नई से फोर्ड कंपनी की कारें लादकर एक कंटेनर झांसी आ रहा था। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे राजस्थान के पलवल निवासी मोहम्मद आलम कंटेनर को सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में स्थित सिमरधा के पास सर्विस लेन पर खड़ा कर रहा था। इसी दौरान कंटेनर का ऊपरी हिस्सा वहां से निकल रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे आग लग गई।
कंटेनर में आग लगी देखकर चालक घबरा गया। वह कंटेनर की केबिन से नीचे उतरा। उसका एक हाथ केबिन के दरवाजे पर था और एक पैर जमीन के संपर्क में आ गया। अर्थ मिलने से उसे भी करंट लग गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। छह दमकल दस्तों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।