झांसी। औरैया में महिला कांस्टेबल से छेड़खानी के आरोप में झांसी में डायल 112 में तैनात सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। एसएसपी ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। घटना औरैया जनपद की है। सिपाही छुट्टी पर वहां गया हुआ था।
औरैया के दिबियापुर थाने में एक महिला कांस्टेबल द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई। जिसमें उसने बताया कि 20 जून को वह भारत बंद की ड्यूटी पर तैनात थी। इसी बीच वह दवा लेने के लिए एक मेडिकल स्टोर पर जा रही थी। फफूंद चौराहे के पास बाइक पर सवार तीन युवक उस पर भद्दे कमेंट करने लगे। जब उसने युवकों की फोटो खींचने की कोशिश की तो वे मोबाइल छीनकर भाग गए। महिला कांस्टेबल की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपी अमित कुमार, करन व विजय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इनमें से अमित कुमार सिपाही निकला, जिसकी तैनाती झांसी में डायल 112 में थी। वह औरैया के बहादुरपुर का रहने वाला है और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर वहां गया हुआ था। एसएसपी ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।