झांसी। कोरोना को लेकर तैयार की गई कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य को शामिल किया गया है। पूर्व मंत्री ने कहा कि सर्वे करके इस महामारी में जान गंवाने वाले लोगों की मौतों का वास्तविक रिकॉर्ड, सरकार की खामियों और जिम्मेदारों को रिकॉर्ड तैयार कर उजागर किया जाएगा।
पूर्व मंत्री ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान मानवाधिकारों के उल्लंघन, महामारी संबंधी आंकड़ों की हेराफेरी और लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की जांच - पड़ताल के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर पार्टी नेताओं की फैक्ट फाइंडिंग टीम का गठन किया गया है। अध्यक्ष की जिम्मेदारी पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद को सौंपी गई है। इसमें पूर्व मंत्री प्रदीप जैन के अलावा मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित संदीप पांडेय, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, कांग्रेस विधानमंडल दल नेता आराधना मिश्रा, लेनिन रघुवंशी और संजय सिंह को शामिल किया गया है। पूर्व मंत्री के मुताबिक अब लगातार सर्वे करके कोरोना से हुई मौतों का रिकॉर्ड तैयार करेंगे। शासन - प्रशासन स्तर पर कहां - कहां कमियां रहीं और भविष्य में क्या होना चाहिए, इसका रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। वहीं, महामारी में मरीजों को हुई असुविधा के लिए जिम्मेदार कौन-कौन हैं, उनके नाम भी सार्वजनिक किए जाएंगे।
टीम के गठन पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ ने बैठक कर हर्ष जताया है। उन्होंने कहा कि कोरोना में आंकड़ों को छुपाया गया। अब दूध का दूध और पानी का पानी होगा। इस दौरान राजेंद्र शर्मा, अरविंद बबलू, रशीद कुरैशी, मनीष रायकवार आदि मौजूद रहे।