महिला थानाध्यक्ष व वकील में तू तू-मैं मैं
झांसी। रविवार को महिला थाने पर आयोजित महिला परामर्र्श दिवस में परामर्श के दौरान विवाद हो गया। सुनवाई के लिए पहुंचे एक अधिवक्ता की महिला थानाध्यक्ष से तू तू-मैं मैं हो गई। मामला बिगड़ने पर महिला थानाध्यक्ष को पुलिस बुलानी पड़ी। मौके पर पहुंची नवाबाद पुलिस अधिवक्ता को थाने लेकर पहुंची, जहां थोड़ी देर बाद छोड़ दिया गया।
रविवार को महिला थाने पर महिला थानाध्यक्ष पूनम शर्मा की अध्यक्षता में महिला परामर्श दिवस चल रहा था। गुरसराय के एक प्रकरण में सुनवाई चल रही थी। टहरौली की रहनेे वाली एक महिला ने अपने पति पर दहेज मांगने का आरोप लगाया था। शुक्रवार को दो घंटे की बातचीत के दौरान दोनों पक्ष राजी हो गए थे। इसके बाद थानाध्यक्ष पूनम शर्मा ने दोनों पक्षोें को रविवार को थाने पर होने वाले महिला परामर्श दिवस पर बुलाया था। दोनों पक्ष थाने पहुंच गए थे। शाम को पुन: सुनवाई कर महिला थानाध्यक्ष लिखा पढ़ी कर रही थीं। इसी बीच लड़की पक्ष की तरफ से अधिवक्ता ने पहुंचकर अपना पक्ष रखा। इसके बाद भी बात न बनने पर वह थानाध्यक्ष से भिड़ गए। इसके चलते थाने पर विवाद हो गया। मामला बिगड़ने पर कंट्रोल रुम व नवाबाद पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया। सूचना मिलते ही मौैके पर पहुंची पुलिस अधिवक्ता को नवाबाद थाने लेकर पहुंची। वहां बातचीत के दौरान अधिवक्ता को छोड़ दिया गया।
चार मामले निपटे, आठ में मिली तारीख
महिला परामर्श के दौरान बारह मामले सामने आए। सुनवाई के दौैरान चार प्रकरणों में समझौता हो गया, जबकि आठ मामलों में अगली तारीख दे दी गई।