झांसी-ललितपुर हाईवे पर इमामी फार्म हाउस के सामने ट्रक पलटने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई। घटना स्थल से करीब 50 मीटर दूर भेल की बाउंड्रीवाल से सटी झाड़ियों में उसका शव पड़ा मिला। ट्रक में प्रेमी युगल समेत कुल पांच लोग सवार थे।
शनिवार सुबह ट्रक से दूसरे वाहन में सामान शिफ्ट करने के दौरान मजदूरों को युवक का शव दिखाई दिया। सूचना पर एसीपी सिमरन सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंचीं। फोरेंसिक टीम भी बुला ली गई। युवक का शव बुरी तरह कुचला हुआ था। यह चोट हादसे की वजह से आई या फिर दूसरी वजह से यह अभी साफ नहीं हो सका। इसकी जांच के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर ही मौत की सही वजह मालूम चल सकेगी। पुलिस अभी युवक के परिजनों के पंजाब से आने का इंतजार कर रही है। उधर, बबीना थाने में ट्रक में मौजूद लोगों के खिलाफ साक्ष्य छिपाने समेत अन्य आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
लुधियाना पंजाब से परचून का सामान लादकर नवजोत पुत्र गुरजोत अपने कंडक्टर विजय के साथ हैदराबाद जा रहा था। नांदेड़ स्थित श्री हजूर साहिब के दर्शन के लिए उसका दोस्त लाडी (24) निवासी रामगढ़ सरदारां एवं प्रेमी युगल ट्रक में सवार हो गए। बबीना पुलिस के मुताबिक बुधवार रात करीब 11 बजे झांसी-बबीना हाईवे पर इमामी के सामने ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में नवजोत, विजय समेत प्रेमी युगल घायल हो गए। ट्रक में बाईं ओर बैठे लाडी पर ट्रक का भार आ गया। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। ट्रक में उसके साथ मौजूद लोगों ने उसकी मौत की जानकारी देने के बजाय करीब 50 मीटर दूर भेल की बाउंड्रीवाल से सटी झाड़ियों में उसका शव छिपा दिया। इसके बाद चारों अपना उपचार कराने के लिए चले गए। शनिवार सुबह ट्रक में लदे परचून के सामान को दूसरे ट्रक में शिफ्ट किया जा रहा था। तभी मजदूरों ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा। शव बुरी तरह कुचला हुआ था। छानबीन के दौरान पुलिस को चालक नवजोत मिल गया। पूछताछ में उसने बताया कि हादसे में लाडी की मौत से सभी डर गए। इस वजह से शव झाड़ियों में छिपा दिया।
सहायक पुलिस अधीक्षक सिमरन सिंह ने भी इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे के बाद साथियों की ओर से शव छिपाने की बात सामने आई है, लेकिन अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। उसके शरीर में आई चोट की वजह की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी। ट्रक में मौजूद लोगों के खिलाफ साक्ष्य छिपाने के आरोप समेत अन्य आरोप में प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कराई गई है।