झांसी। लॉकडाउन का तीसरा चरण चार मई से शुरू होगा। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने रेड जोन को छोड़कर ऑरेंज और ग्रीन जोन में रियायतें देने की घोषणा की है। झांसी और चित्रकूट मंडल का कोई भी जिला रेड जोन में नहीं है। ऐसे में यहां रियायतें मिलने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। हालांकि, स्थानीय प्रशासन को इस संबंध में प्रदेश सरकार के निर्देशों का इंतजार है। रियायतों की तस्वीर शनिवार को साफ हो सकती है।
केंद्र सरकार ने 25 मई से लॉकडाउन लागू किया था। तब से लगातार बाजार बंद हैं, परिवहन के साधन थमे हुए हैं। किराना, दवा, फल, सब्जी, दूध जैसी आवश्यक खाद्य सामग्रियों की भी आपूर्ति की जा रही है। इनकी दुकानों के खुलने का समय भी निर्धारित कर रखा है। चार से सत्रह मई तक के लिए सरकार ने एक बार फिर लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि लॉकडाउन - 3 में रेड जोन के जनपदों में लॉकडाउन यथावत लागू रहेगा। जबकि, ऑरेंज और ग्रीन जोन में आने वाले जिलों को कुछ रियायतें दी जाएंगी। झांसी मंडल के झांसी व जालौन ऑरेंज तथा ललितपुर ग्रीन जोन में हैं। इसी प्रकार चित्रकूट मंडल का बांदा व महोबा ऑरेंज तथा चित्रकूट व हमीरपुर ग्रीन जोन में हैं। यानी कि दोनों मंडलों के सभी सातों जिले रियायतों के दायरे में आ रहे हैं, इस पर फैसला स्थानीय प्रशासन को लेना है। इस मामले में प्रशासन को प्रदेश सरकार के निर्देशों का इंतजार है।
प्रदेश सरकार के निर्देशों के तहत ही लॉकडाउन के तीसरे चरण में रियायतें तय की जाएंगी। इस संबंध में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
- सुभाष चंद्र शर्मा, मंडलायुक्त - झांसी मंडल
सरकार द्वारा जारी निर्देशों का अध्ययन करने के बाद ही लॉकडाउन के तीसरे चरण का स्वरूप तय होगा। इसे लेकर जल्द फैसला ले लिया जाएगा।
- गौरव दयाल, मंडलायुक्त - चित्रकूट मंडल