वार्ड नंबर 46 भांडेरी गेट स्थित नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय भवन के
उद्घाटन की फाइल नगर निगम की आलमारी में कैद हो गई है। मुहल्लेवासियों की
मांग के बाद भी नगर निगम प्रशासन शौचालय भवन के शुभारंभ पर चुप्पी साधे है।
मजबूरन यहां के लोगों को खुले में शौच जाना पड़ रहा है।
भांडेरी गेट
में जनकार्य विभाग द्वारा पांच लाख 36 हजार रुपये से दस सीटेड सार्वजनिक
शौचालय का निर्माण लगभग दो माह पहले कराया गया। शौचालय के भवन का निर्माण
तो हो गया, लेकिन इसका औपचारिक शुभारंभ नहीं किया गया, जिससे स्थानीय लोगों
को खुले में शौच जाना पड़ रहा है। कई बार स्थानीय लोग इस मामले में
जिलाधिकारी और नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं। लेकिन,
स्थिति जस की तस बनी हुई है।
नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने बताया कि
सार्वजनिक शौचालय में कुछ कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। उसे पूरा कराने के
निर्देश जन कार्य विभाग के मुख्य अभियंता को दिया जा चुका है। जैसे ही
निर्माण कार्य पूरा होता है, वैसे ही आम जन मानस के लिए सार्वजनिक शौचालय
खोल दिया जाएगा।