झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में 4,397 मतदाताओं के नाम दो-दो बार दर्ज होने की शिकायत की गई है। प्रयागराज के भाजपा नेताओं ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से इसकी शिकायत की है।
शिकायत के अनुसार, प्रयागराज में सबसे ज्यादा 3,163, कौशाम्बी में 320, जालौन में 179, झांसी में 178, बांदा में 140, फतेहपुर में 139, ललितपुर में 109, हमीरपुर में 81, चित्रकूट में 68 और महोबा में 20 मतदाताओं के नाम दोहराए गए हैं।
शिकायत के बाद निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर बिमल कुमार दुबे ने सभी जिलों के सहायक निर्वाचन अधिकारियों को पत्र लिखकर प्रत्येक बूथ की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मतदाता सूची में एक से अधिक बार दर्ज नामों की सूची तैयार करने को कहा है।
निर्देश दिए गए हैं कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी के समय दोहरी प्रविष्टियों वाले मतदाताओं की सूची पीठासीन अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। पीठासीन अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया जाए कि एक ही मतदाता को एक से अधिक बार मतदान न करने दिया जाए।