झांसी। बड़ाबाजार गेट अंदर एक सप्ताह पहले बने नाला के निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत पर नगर आयुक्त ने जांच के लिए टीम को मौके पर भेजा। टीम ने वहां से नमूने भरे। अब इनकी लैब में जांच कराई जाएगी।
नगर आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में स्थानीय लोगों ने कहा बड़ागांव गेट रोड पर कचरा घर से साहू समाज के मंदिर तक वार्ड 19 की ओर नाला का निर्माण सही से नहीं हुआ है। किसी भी इकाई या यंत्र का इस्तेमाल किए बिना ही नाला की खुदाई कर दी गई। इससे नाला कहीं ऊंचा तो कहीं नीचा हो गया है और पानी का बहाव प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने नाला निर्माण में डस्ट का इस्तेमाल होने का भी आरोप लगाया। कहा कि बेस सही न बनने से घरों में नाले का पानी भरने से सीलन की समस्या हो रही है। इस पर नगर आयुक्त ने सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार के नेतृत्व में टीम को जांच के लिए मौके पर भेजा। टीम ने वहां से नमूने भरे। बताया गया कि इस दौरान ठेकेदार की कुछ स्थानीय लोगों के साथ बहस भी हुई। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।