संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। शनिवार को किसान संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बारिश से खराब हुईं फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर तहसील में प्रदर्शन किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर किसानों को अविलंब मुआवजा दिलाने की मांग की।
कांग्रेसियों ने पूर्व विधायक बृजेंद्र कुमार व्यास के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा, जिसके जरिये बताया कि हाल ही में क्षेत्र में हुई बारिश के कारण खरीफ की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। खेतों में खड़ी धान, उड़द, मूंग, तिल सहित अन्य फसलें जलभराव से चौपट हो गई हैं। तत्काल खेतों का सर्वे कराकर किसानों को उनकी क्षति का उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि वे रबी की फसल की बोआई की तैयारी कर सकें।
वहीं, राष्ट्रभक्त किसान संगठन के जिलाध्यक्ष बृजेंद्र कुमार उपाध्याय ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा, जिसके जरिये अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने, बीमा दावों का शीघ्र निस्तारण करने और कृषि इनपुट अनुदान दिलाने की मांग की। इसके अलावा ऑल इंडिया किसान यूनियन के मंडल प्रभारी उमाशंकर राजपूत ने ज्ञापन दिया, जिसके जरिये बताया कि अतिवृष्टि से किसानों की आर्थिक स्थिति डगमगा गई है, ऐसे में शीघ्र मुआवजा और फसल बीमा की धनराशि जारी की जाए।
उधर, राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव टांडा ने भी शासन से मांग करते हुए कहा कि बेमौसम बारिश से धान की फसलें बुरी तरह नष्ट हो गई हैं, वहीं खेतों में अधिक पानी भरने से गेहूं की बोआई पर भी संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने खेतों का सर्वे कराकर किसानों को अधिक से अधिक मुआवजा देने और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की।