झांसी। मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने सोमवार को जिले में विभिन्न विभागों के कामों का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम में स्मार्ट सिटी के तहत बन रहे कमांड सेंटर को 31 जनवरी तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने कहा कि गुणवत्ता और कार्य में समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। नाराजी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि नगर निगम के प्रवेश द्वार पर आईसीसीसी का बोर्ड लगाया जाए, ताकि लोगों को कमांड सेंटर की जानकारी मिल सके। उन्होंने कमांड सेंटर में लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कमांड सेंटर के निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री अग्नि रोधक अवश्य हो, ताकि नुकसान से बचा जा सके।
इसके बाद झांसी विकास प्राधिकरण की बेतवा विहार आवासीय योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से 154 आवास के निर्माण के दौरान उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण सामग्री की क्वालिटी टेस्टिंग करने के निर्देश दिए। कार्यस्थल पर कार्यों से संबंधित सूचनाएं उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जताई। उपाध्यक्ष जेडीए सर्वेश कुमार दीक्षित ने बताया कि बेतवा विहार योजना में गुणवत्ता व कम लागत के आवास जनमानस को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। 80 मकान सेल आउट हो गए हैं। इसके बाद मंडलायुक्त ने किसान बाजार का निरीक्षण कर किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। मंडलायुक्त ने भरारी फ ार्म का निरीक्षण किया। जहां पोल्ट्री फ ार्म में बर्ड फ्लू के साथ मुर्गीपालन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने भरारी प्रक्षेत्र में फ सल उत्पादन का भी निरीक्षण किया। कुक्कुट क्षेत्र के निरीक्षण में सफ ाई नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। इस मौके पर नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, सचिव जेडीए त्रिभुवन विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।