मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने सोमवार को आयुक्त सभागार में प्रवासी श्रमिकों को रोजगार दिए जाने की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान डेढ़ महीने बाद भी कोई योजना तैयार न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कमिश्नर ने कहा कि डेढ़ माह बीत गया है और अभी तक वापस लौटे श्रमिकों को कैसे काम देंगे उसकी कोई कार्य योजना तैयार नहीं है। सभी विभाग कार्य योजना तैयार करें और आगामी साप्ताहिक बैठक में जानकारी दें। मंडलायुक्त ने उपनिदेशक भूमि संरक्षण प्रथम और द्वितीय इकाई के कार्यों में गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भूमि संरक्षण के कार्य क्या बरसात में किए जाएंगे? ताकि वह बारिश में बह जाएं। मंडल में भूमि संरक्षण विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों पर भी असंतोष व्यक्त किया। महिलाओं पर अधिक फ ोकस किया जाए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत मंडल में 34741 श्रमिकों को काम दिया गया। इसमें और तेजी लाएं। सीडीओ झांसी निखिल टीकाराम फुं डे ने बताया कि जिले में श्रमिकों की स्किल मैपिंग कर ली गई है। श्रमिकों को दक्षता के अनुसार रोजगार दिलाया जा रहा है। तीन हजार प्रवासी श्रमिक कपड़ा निर्माण से संबंधित हैं जिन्हें जल्द ही रोजगार दिलाने की कार्य योजना बना ली गई है। इस मौके पर अपर आयुक्त सर्वेश कुमार दीक्षित, जेडीसी चंद्रशेखर शुक्ला, वनसंरक्षक एके सिंह, सीडीओ ललितपुर अनिल कुमार पांडे, सीडीओ जालौन प्रशांत कुमार श्रीवास्तव, डीडी उद्यान भैंरम सिंह मौजूद रहे।