झांसी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वाणिज्य कर अफसर बुंदेलखंड के हर छोटे- बड़े बाजार में ढाई महीने तक सालाना 40 लाख से अधिक टर्नओवर वाले कारोबारियों को तलाशते रहे। बुंदेलखंड में 50 हजार से अधिक नए व्यापारियों को पंजीयन में लाने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन सिर्फ 1077 ही पात्र पाए गए। इनमें भी जो व्यापारी पंजीयन नहीं ले रहे हैं, उनको नोटिस भेजकर पंजीयन लेने का आग्रह किया जाएगा।
प्रदेश का खजाना बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर वाणिज्य कर विभाग ने विशेष जागरूकता अभियान चलाकर 25 लाख नए व्यापारियों को पंजीयन के दायरे में लक्ष्य बनाया है। अभी प्रदेश में 14.56 लाख पंजीकृत व्यापारी हैं। यह अभियान 22 नवंबर से शुरू किया गया, मगर तमाम प्रयासों के बाद भी अधिकारी 70245 (प्रदेश के सभी 20 जोन में) व्यापारियों को पंजीयन के दायरे में लाने का काम कर सके। इसमें झांसी जोन के सात जिलों में 1077 व्यापारियों को सूचीबद्ध किया गया, जो सालाना 40 लाख से अधिक का वार्षिक टर्नओवर का कारोबार करते हैं। जबकि, जो दायरे में नहीं आ रहे उनकी संख्या 45 हजार से अधिक थी। अधिकारियों को अब ढूंढे से भी ऐसे व्यापारी नहीं मिल रहे हैं, जो सालाना 40 लाख का टर्नओवर कर रहे हैं और उन्होंने पंजीयन नहीं ले रखा हो। वाणिज्य कर झांसी जोन के अंतर्गत बुंदेलखंड के सातों जिले आते हैं। इनमें झांसी के अलावा जालौन, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा व चित्रकूट शामिल हैं। अभी जोन में 34500 जीएसटी में पंजीकृत व्यापारी हैं।
- बुंदेलखंड में जिन व्यापारियों को सूचीबद्ध किया गया है, उनको पंजीयन कराने के लिए आग्रह नोटिस भेजा जा रहा है। अगर इसके बाद भी वे पंजीयन नहीं कराते हैं तो उनके स्टॉक की जांच करवाई जाएगी।
प्रदीप कुमार सिंह, एडिशनल कमिश्नर ग्रेड वन।