शहर के अहिल्याबाई नगर और गंगापुरम कॉलोनी के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर पालिका क्षेत्र में कई कॉलोनियां मूलभूत सुविधाओं के बिना ही विकसित हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। आलम यह है कि अहिल्याबाई नगर कॉलोनी में सैकड़ों मकान बनने के बाद भी जहां सड़क, नाली, बिजली और पाइपलाइन तक नहीं है, तो वहीं उसी के पास नहर के दूसरी ओर बस रही नई कॉलोनी गंगापुरम में भी सड़क और नालियां नहीं है। इससे जगह-जगह गंदे पानी का जमाव बना रहता है।
शहर में बाईपास स्थित रघुनाथपुरा रोड पर बड़ी नहर से दायीं ओर अहिल्याबाई नगर कॉलोनी में लगभग डेढ़ सौ से अधिक मकान बन कर तैयार हो गए हैं, जबकि कई मकानों का निर्माण चल रहा है। करीब 10 वर्ष से बन रहीं इस कॉलोनी में न तो पक्की सड़क का निर्माण किया गया और न ही नालियां बनाई गई हैं। इसके चलते कई सड़कों पर गड्ढ़ों में ही जलभराव की स्थिति बनी रहती है। पेयजल लाइन ने पड़ने से यहां के लोग हैंडपंप और बोरिंग पर ही निर्भर हैं। बिजली लाइन ने पड़ने से करीब नब्बे फीसदी से अधिक लोग जुगाड़ की बिजली का उपयोग कर रहे हैं। गलियाें में शाम होते ही अंधकार पसर जाता है, जिससे रात में लोगों को यहां आने जाने में काफी असुविधा होती है। इधर, गंंगापुरम कॉलोनी में मकान तो धड़ल्ले से बन रहे हैं, लेकिन यहां सड़क, नाली की सुविधा नहीं होने से यहां रास्ते में कच्ची सड़कों पर पानी भरा रहता है। इस कॉलोनी में बिजली विभाग ने मकानों में कनेक्शन तो दिए गए, लेकिन खंभे की दूरी तीन से चार सौ मीटर दूरी होने के चलते बल्लियों के सहारे तार लटक रहे हैं।
यहां बिजली विभाग द्वारा कनेक्शन तो दिए गए हैं लेकिन खंभा नहीं लगाए गए हैं, जिससे काफी दूर से तार डाले गए हैं। ये तार बल्लियों के सहारे बांधकर मकान तक तार डाले गए हैं। यहां नालियां भी नहीं हैं, जिससे सड़कों पर गंदा पानी भरने से बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है। -धनीराम पटेल।
नगर में काॅलोनाइजर अवैध रूप से बिना नक्शा पास कराए काॅलोनी काट रहे हैं। इनकी सर्वे कर चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही सभी को नोटिस जारी किए जाएंगे। -सरला जैन, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद