झांसी। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयकों को सिर्फ एक चार पहिया वाहन से ही काम चलाना होगा। यह वाहन उन्हें जुलाई में दिया जाएगा। वहीं, जनपद के सभी नौ खंड शिक्षाधिकारियों को एक - एक चार पहिया वाहन दिए जा चुके हैं।
बेसिक शिक्षा निदेशालय ने विभागीय कामकाज के निर्वाहन एवं स्कूली निरीक्षण तथा सर्वे के लिए मार्च में सभी खंड शिक्षाधिकारियों और जिला समन्वयकों को चार पहिया वाहन की सुविधा देने को कहा था। इसके बाद यह प्रक्रिया शुरू हो गई थी। विभागीय जानकारी के अनुसार जनपद के सभी नौ खंड शिक्षा अधिकारियों को यह वाहन प्राप्त हो चुके। प्रत्येक वाहन पर करीब 30 - 30 हजार रुपये खर्च होता है। वहीं, जिला समन्वयकों को दी जाने वाली यह सुविधा तकनीकी कारणों से अधर में लटक गई। सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी आरके सिंह ने बताया कि जिला समन्वयकों के वाहन के लिए टेंडर फाइनल हो चुका है। उन्हें जुलाई में यह वाहन मिलेगा। जिला समन्वयकों के पुल में एक वाहन रहेगा।