सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अनलॉक और कोरोना संक्रमण को लेकर कमिश्नर और डीएम से संवाद किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अनलॉक के दूसरे चरण की शुरुआत आठ जून से हो रही है। अधिकारी लगातार कोविड और नॉन कोविड अस्पतालों का निरीक्षण करते रहें। क्वारंटीन सेंटर और सामुदायिक रसोई में पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएम के सहयोग के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। कमिश्नर मंडल में विकास और राजस्व को आगे बढ़ाने के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में प्रवासी श्रमिकों को रोजगार दिया जा सकता है। इसके लिए 15 जून तक कार्ययोजना बनी ली जाए। श्रमिकों को भरण पोषण भत्ता और राशन किट दी जाए। सैनिटाइजेशन का काम लगातार चलता रहे। कामगारों को किराए पर आवास देने के लिए भी योजना बनाई जाए। इस मौके पर कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा, आईजी एसएस बघेल, डीएम आंद्रा वामसी, एसएसपी डी प्रदीप कुमार, सीडीओ निखिल टीकाराम फुंडे, एसपी देहात राहुल मिठास, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. साधना कौशिक, निदेशक पैरामेडिकल डॉ. एसएस सेंगर, सीएमओ डॉ. गजेंद्र कुमार निगम मौजूद रहे।