फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झांसीः मुख्यमंत्री ने दिया भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई का आदेश

Sun, 10 Feb 2019 04:02 AM IST
दुष्यंत शर्मा   अमर उजाला ब्यूरो, झांसी
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी और चित्रकूट मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई करें। अफसर अपने अंदर की जड़ता समाप्त करें और दफ्तर में समय से बैठकर जनता से संवाद अवश्य करें, क्योंकि लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि जिलों में जनता की सुनवाई ठीक तरह से नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे बुंदेलखंड के लिए लाइफ लाइन बनेगा। 

विज्ञापन


प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों को देखने आए मुख्यमंत्री ने झांसी और चित्रकूट मंडल की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि यदि कार्यदायी संस्था किसी काम में जानबूझकर लापरवाही बरत रही है तो मुझे बताएं। काम तेजी से होना चाहिए, ताकि परिवर्तन दिखाई दे। अफसर अपने अंदर की जड़ता को हटाने का प्रयास करें। डिफेंस कॉरिडोर और ग्रामीण पाइप पेयजल योजना पर तेजी से कार्य करें। अफसर 10 से 4 बजे तक ड्यूटी न करें, बल्कि जरूरत पड़े तो रात में भी काम करें। 

एक्सप्रेस-वे बुंदेलखंड में विकास की लाइफ लाइन बनेगा, इसलिए प्रशासनिक अधिकारियों को चाहिए कि सक्रियता दिखाएं। बार-बार डांट खाने को अपनी पहचान न बनाएं। कहा कि बुंदेलखंड के एक्सप्रेस-वे को व्यावसायिक गलियारा बनाकर पलायन रोका जा सकेगा, साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। अफसरों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के फोन रिसीव करें। यदि किसी कारण से रिसीव नहीं कर पा रहे हैं तो कॉल बैक करें। छुट्टा जानवर बुंदेलखंड की सबसे बड़ी समस्या है, इसके लिए जो भी टास्क दिया गया है उसे पूरा करें। 
विज्ञापन


उन्होंने निर्देश दिए कि जिस जमीन पर गरीब, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोग आवास बनाए हुए हैं, उस जमीन का उनके नाम पट्टा कर दिया जाए। जो व्यक्ति बड़े भूखंड पर कब्जा किए हैं, उन्हें हटाने की कार्रवाई सख्ती से की जाए। बुंदेलखंड के सभी सातों जिलों के गांवों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पाइप पेयजल योजना पर तेजी से काम करें। 

इस मौके पर केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री उमा भारती, परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, एडीजी जोन अविनाश चंद्र, मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव, मंडलायुक्त चित्रकूट, डीआईजी एसएस बघेल, झांसी डीएम शिवसहाय अवस्थी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
 

विज्ञापन

नीलामी चबूतरा पर हुई बैठक 

यह पहला मौका होगा, जब मुख्यमंत्री ने किसी गल्ला मंडी के नीलामी चबूतरा पर बैठक की हो। भोजला गल्ला मंडी के नीलामी चबूतरा नंबर 14 से 17 पर जहां कभी किसान अपना अनाज बेचने के लिए उसकी बोली लगाते थे, शनिवार को यहां पर अस्थाई रूप से मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के लिए इंतजाम किया गया था। 

यह है पाइप पेयजल योजना 
पाइप पेयजल योजना के माध्यम से गांवों को शुद्ध पानी पहुंचाने की तैयारी है। योजना के अंतर्गत किसी गांव के आसपास की नदी के पानी को शुद्ध करके पाइप लाइन के माध्यम से गांवों को पहुंचाया जाएगा। इससे न केवल ग्रामीणों को शुद्ध पानी मिलेगा, बल्कि गांवों में पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। 

आईओसी पायलट प्रोजेक्ट शुरू करेगा 
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडियन ऑयल कारपोरेशन पायलट प्रोजेक्ट के रूप में बायो फ्यूल पर काम करेगा। इसके अंतर्गत गोबर गैस प्लांट बनाए जाएंगे। गोबर से बनने वाली मीथेन गैस से ऊर्जा की बचत होगी और गोबर गैस के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। इससे छुट्टा जानवरों की समस्या का समाधान होगा। 

बुंदेलखंड के सभी जिलों में करें प्रचार-प्रसार 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सूचना विभाग मृत पड़ा है। यदि कोई अच्छा कार्य कर रहा है तो उसे सामने लाने में कंजूसी बरत रहा है। प्रधानमंत्री 15 फरवरी को जिन योजनाओं का शिलान्यास करने वाले हैं, उनके होर्डिंग बुंदेलखंड के सभी जिलों में लगाएं, ताकि प्रचार-प्रसार हो सके।

पुलिसकर्मी सेल्फी न लें 
मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मचारियों को आगाह किया कि पुलिस सेल्फी न लें क्योंकि कोई अच्छा काम नहीं हो रहा है। बल्कि, सब अपनी ड्यूटी कर रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें