बुधवार को जीआईसी में सभा के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुटीले अंदाज में भारतीय जनता पार्टी पर खूब तंज कसे। खासतौर पर केंद्र सरकार की नोटबंदी उनके निशाने पर रही।
टॉयलेट में नहीं मिली नेट कनेक्टिविटी
कैशलेस भुगतान पर चुटकी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों उन्होंने बीबीसी पर कार्टून देखा था कि एक सार्वजनिक टायलेट का इस्तेमाल करने एक व्यक्ति गया, लेकिन काउंटर पर बैठे कर्मचारी ने कहा कि अभी इंटरनेट नहीं आ रहा है। अब, बताओ वह बेचारा क्या करे और कहां जाए। ऐसे में कैशलेस इकॉनामी का सपना कैसे पूरा होगा। नेट कहां है?
नोटबंदी से खुश हैं सपाई
अखिलेश ने कहा कि नोटबंदी से सपाई खुश हैं, क्योंकि उनकी साइकिल को न पेट्रोल की जरूरत है और न डीजल की। यही वजह है कि साइकिल खूब दौड़ रही है। दूसरे लोग परेशान हैं। अगर वह साइकिल से चलेंगे, तो ऐसे में प्रचार तो हमारा ही होगा।
धन काला या सफेद नहीं होता
नोटबंदी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि धन काला या सफेद नहीं होता। काला - सफेद तो लेनदेन होता है। टैक्स दिया तो धन सफेद और नहीं दिया तो काला।
संत पूछ रहे थे कि कैसे लेंगे दक्षिणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पिछले दिनों साधू - संतों के बीच थे। इस दौरान उनसे संतो ने पूछा कि अब वह दक्षिणा कैसे लेंगे? क्या इसके लिए भी उन्हें मशीन लेकर चलना होगा।
नये जुमले देने में माहिर है भाजपाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लोग नये - नये जुमले देने में माहिर हैं। सर्जीकल स्ट्राइक, कैशलेस, लव जिहाद इन्हीं के दिए हुए जुमले हैं। यह कोई काम तो करते नहीं, बस लोगों को भटकाने के लिए नये - नये जुमलों का इस्तेमाल करते रहते हैं। इन नामों को कोई नहीं जानता, लेकिन भाजपाई नए नामों से प्रसन्न हैं।
बथुए की रोटी को घास की बता दिया
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि एक अंग्रेजी टीवी चैनल ने ललितपुर के एक गांव में एक वृद्ध महिला को घास की रोटी खाते दिखाया था। बीजेपी वालों ने इसका खूब प्रचार किया। इस पर ललितपुर दौरे के दौरान उस वृद्धा से बात की और पूछा कि घास की रोटी कैसे बनती है। तो उसने बताया कि वह बथुआ की रोटी थी।
हेलीकाप्टर से लगाया ग्राउंड का चक्कर
मुख्यमंत्री निर्धारित समय ढाई घंटे की देरी से जीआईसी ग्राउंड पहुंचे। उन्हें दोपहर 1.10 बजे पहुंचना था, परंतु वह 2.40 बजे पर पहुंचे। ग्राउंड पहुंचने से पहले 2.25 बजे उनके हेलीकाप्टर ने ग्राउंड का चक्कर लगाया। इससे ग्राउंड में हलचलें तेज हो गईं। इसके बाद हेलीकाप्टर सीधा हवाई पट्टी की ओर चला गया। इसके पंद्रह मिनट बाद ही वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए।
सीएम को भेंट की गदा
कार्यक्रम के दौरान मंच पर युवा सपाइयों ने मुख्यमंत्री को गदा भेंट की। समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष अनूप शिवहरे, जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष प्रतिपाल सिंह ने सीएम को पीतल की गदा भेंट की। इस दौरान अनूप ने सीएम को ज्ञापन भेंट कर चिरगांव में पार्क निर्माण की मांग की।
धूप से रहा बुरा हाल
बुधवार को दिन में तीखी धूप रही। इससे कार्यक्रम स्थल जीआईसी ग्राउंड में बैठे लोगों का बुरा हाल रहा। ग्राउंड में खुले में कुर्सियां डाली गईं थीं। ऊपर पंडाल नहीं था। गर्म कपड़े पहनकर पहुंचे लोगों के थोड़ी ही देर में पसीने छूटने लगे। लोग अपने स्वेटर - जैकेट उतारकर हाथ में पकड़े नजर आए। धूप से बचने के लिए कोई सिर पर रुमाल बांधे था, तो कोई अखबार सिर पर रखकर धूप बचा रहा था।
अब आप डाक्टर भी लिखने लगीं
अपना संबोधन शुरू करने के पहले मुख्यमंत्री ने मंच पर बैठे सभी नेताओं का नाम लेकर अभिवादन किया। उनके हाथ में जो सूची थी, जिस पर मऊरानीपुर विधायक का नाम डा. रश्मी आर्या लिखा हुआ था। सीएम ने पहले रश्मी आर्या बोला और फिर हंसते हुए बोले अब आप डाक्टर भी लिखने लगी हैं। इस पर सभा में मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
बराबर रहीं महोबा और झांसी की सभा
मुख्यमंत्री ने बताया कि हेलीकाप्टर में उनके साथ मौजूद महाअधिवक्ता विजय बहादुर सिंह ने कहा कि महोबा की सभा झांसी से बड़ी हुई है। लेकिन, मैं यह कह रहा हूं कि दोनों सभाएं बराबर की रहीं हैं। बेहद कम समय में झांसी में ऐतिहासिक सभा हुई है।