अलग बुंदेलखंड राज्य बनाने की मांग को लेकर बुंदेलखंड संयुक्त मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह के 71 वें दिन वाहन रैली निकाली। कार्यकर्ताओं ने महानगर में रैली के माध्यम से अलग राज्य के निर्माण की अलख जगाई। अलग राज्य के समर्थन में आज सोमवार को झांसी बंद रहेगा।
रविवार को कलेक्ट्रेट के पास गांधी उद्यान से शुरू हुई बाइक रैली में शामिल कार्यकर्ता बाइक पर झंडा लगाकर चल रहे थे। जिला अधिवक्ता संघ के सदस्य पीली टीशर्ट पहनकर अपनी ओर ध्यान आकर्षित कर रहे थे। रैली सबसे पहले सदर बाजार क्षेत्र में गई, यहां से कसाई मंडी, ओरछा गेट, गोविंद चौराहा, पुराना बस स्टैंड, रानी महल, सुभाष गंज, बड़ा बाजार, सराफा, मानिक चौक, सिंधी तिराहा, पंचकुइयां, बीकेडी, सीपरी बाजार, टंडन रोड, आर्य कन्या तिराहा, नंदनपुरा, खाती बाबा, कस्तूरबा कन्या इंटर कॉलेज, हाट का मैदान, पुलिया नंबर नौ, डांडी यात्रा, इलाइट चौराहा, झोकन बाग होते हुए वापस सत्याग्रह स्थल पर समाप्त हुई। मोर्चा समन्वयक भानू सहाय ने बताया कि आज सोमवार को झांसी बंद किया जाएगा। बंद का समर्थन व्यापारी संगठन, टैंपो- टैक्सी यूनियन, अधिवक्ता संघ, सराफा बाजार, बस आपरेटर्स, पेट्रोल पंप ऐसोसिएशन, फल मंडी, सब्जी मंडी कुली, राज्य कर्मचारी कर रहे हैं।