फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिक्षा विभाग का वरिष्ठ सहायक रिश्वत लेते पकड़ा

विज्ञापन
विज्ञापन
शिक्षा विभाग का वरिष्ठ सहायक रिश्वत लेते पकड़ा
विज्ञापन

झांसी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक मनीष पांडे को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने सोमवार को दस हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथोें पकड़ लिया। वह हाईस्कूल की मान्यता के लिए रिश्वत मांग रहे थे। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को नवाबाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। एंटी करप्शन टीम की तहरीर पर पुलिस ने वरिष्ठ सहायक के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया। साथ ही, शाम को टीम ने कार्यालय पहुंचकर पत्रावलियों की जांच की।
गुरसराय के बगरौनी में रहने वाले विजय पटेल मूला देवी मातादीन पटेल विद्यालय का संचालन करते हैं। अभी तक कक्षा एक से पांच तक विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कक्षा छह से कक्षा दस तक की मान्यता के लिए 11 जून व 18 जून को दो बार जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आवेदन दिया। आवेदन पर कोई कार्यवाही न होने पर चार जुलाई को जिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र दिया। इस बीच वह जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में मान्यता का काम देख रहे वरिष्ठ सहायक मनीष पांडे के संपर्क में रहे। मूलरूप से जालौन के रहने वाले मनीष खुशीपुरा में रहते हैं। वरिष्ठ सहायक ने काम कराने के बदले दस हजार रुपये रिश्वत की मांग की। इस बात की जानकारी उन्होंने यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक विक्रांत पटैरिया को दी। इसके बाद उन्होंने नंदनपुरा स्थित एंटी करप्शन ऑफिस पहुंचकर मामले की जानकारी दी थी।
विज्ञापन

सोमवार को विजय पटेल योजना के तहत दोपहर 1.45 बजे वह जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंच गए। यहां वरिष्ठ सहायक मनीष पांडे के पास पहुंचकर बातचीत की और दस हजार रुपये (दो हजार के पांच नोट) नोट थमा दिए। रुपये लेने के बाद वरिष्ठ सहायक ने आधे घंटे के बाद संपर्क करने को कहा। विजय के कार्यालय के बाहर आते ही एंटी करप्शन की टीम प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंच गई। टीम ने तलाशी लेकर वरिष्ठ सहायक की जेब से दस हजार रुपये बरामद कर लिए। टीम ने वरिष्ठ सहायक को पकड़ा और उसे नवाबाद थाने ले आए। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई देख हड़कंप मच गया। थोड़ी ही देर में कार्यालय में सन्नाटा पसर गया। सभी कर्मचारी इधर - उधर हो गए।
इधर, थाने में वरिष्ठ सहायक के हाथों को धुलवाया गया। नोट लेते वक्त लगा रंग पानी के साथ बाहर आ गया। साथ ही अन्य लिखा-पढ़ी करने के बाद वरिष्ठ सहायक को नवाबाद थाना पुलिस को सौंप दिया गया। टीम में निरीक्षक अजय कुमार सिंह, प्रेम कुमार, उपनिरीक्षक मोहम्मद इसरार, वरिष्ठ आरक्षी राजबहादुर, बीना सिंह, क्रांति पांडे व निरंजन सिंह शामिल थे।
विज्ञापन

यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन के निशाने पर अभी जनपद के एक दर्जन भ्रष्ट अधिकारी व कर्मचारी हैं। एसोसिएशन उनकी कार्य प्रणाली पर नजर बनाए हुए हैं। जल्द ही उनको भी रिश्वत मांगने के परिणाम भुगतने होंगे। विक्रांत पटैरिया, प्रदेश संयोजक।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें