झांसी। रेलवे ने आरक्षण लिपिक, टिकट चेकिंग और वाणिज्य क्लर्क श्रेणियों के पदों को एक कर दिया है। इन श्रेणियों के कर्मचारियों से बुकिंग, पार्सल, मालगोदाम, टिकट चेकिंग, आरक्षण में किसी भी जगह काम कराया जा सकेगा। इन कर्मचारियों को नए पदनाम से भी जाना जाएगा। यह नियम 22 फरवरी 2018 के बाद भर्ती कर्मचारियों के लिए लागू होगा। इसके पूर्व के कर्मचारियों के कार्य में बदलाव नहीं होगा।
रेलवे के वाणिज्य विभाग में कर्मचारियों की कमी को पूरा करने व उनको हर श्रेणी के कार्य का अनुभव देने के लिए मर्ज प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। इसकी शुरूआत आरक्षण लिपिक, टिकट चेकिंग और वाणिज्य क्लर्क श्रेणियों के पदों को एक करके की गई है। इन श्रेणियों में 22 फरवरी 2018 के बाद जो भी कर्मी भर्ती हुए हैं उनसे टिकट चेकिंग, बुकिंग, पार्सल, मालगोदाम बाबू में कहीं पर भी काम लिया जा सकेगा। इन कर्मचारियों को शुरूआती पद कामर्शियल कम टिकट क्लर्क का दिया जाएगा। दूसरी पदोन्नति पर सीनियर कामर्शियल कम रिजर्वेशन क्लर्क, तीसरा चीफ कामर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर व आखिरी पदोन्नति कामर्शियल सुपरटेंडेंट के पद पर मिलेगी। मुंबई रेल मंडल में इस आदेश को लागू कर दिया गया है। शीघ्र ही ये व्यवस्था झांसी रेल मंडल में लागू हो जाएगी।