झांसी। बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए अब स्कूलों में मैत्रिक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। प्रयोग के तौर पर जिले के आठ उच्च प्राथमिक एवं दो कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों को अभियान के लिए चयनित किया गया है। अभियान चलाने के लिए सर्व शिक्षा अभियान के तहत बेसिक शिक्षा निदेशालय ने 35 - 35 हजार रुपये जारी कर दिए हैं।
स्कूलों में मध्याह्न भोजन के उपरांत बच्चों को हाथ धोने के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में कई बार विद्यार्थियों में झगडे़ भी हो जाते है। इस समस्याओं को ध्यान में रखते हुए बेसिक शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों में बाल मैत्रिक स्वच्छता अभियान चलाने की योजना बनाई है। योजना के तहत स्कूल में एक टंकी बनेगी, जिसमें लगी एक दर्जन टोटियों से विद्यार्थी सामूहिक रूप से हाथ धो सकेंगे। वहीं, सेनेटरी नेपकीन को नष्ट करने के लिए चिमनीदार कचरा दहन भट्टी भी बनाई जाएगी। अभियान के तहत स्कूल को बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए दीवारों पर स्लोगन भी लिखे जाएंगे।
अभियान में मऊरानीपुर के पांच, बंगरा के दो, नगर क्षेत्र के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा रसोई एवं बड़ागांव के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का चयन किया गया है। जिला समन्वयक निर्माण रमेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि अभियान के संचालन के लिए इन स्कूलों के हैड मास्टरों व वार्डनों को जरूरी प्रशिक्षण देकर काम शुरू करा दिया गया है।