झांसी। महानगर में नालों की सफाई फंस गई है। अब तक नालों की सफाई को लेकर नगर निगम ने कोई पहल नहीं की है। ऐसे में महानगर में तमाम स्थानों पर नाले उफन रहे हैं। साथ ही गंदगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने नगर निगम से नालों की सफाई कराने की मांग की है। दरअसल, हर साल अप्रैल माह में नगर निगम की ओर से नालों की सफाई का काम शुरू हो जाता था। अब तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद छोटे नालों की सफाई का काम पूरा भी हो जाता। महानगर में 110 छोटे और करीब 20 बड़े नाले हैं। लेकिन लॉकडाउन के चलते नालों की सफाई की प्रक्रिया अब तक अटकी हुई है। बताया जाता है कि छोटे नालों को साफ कराने के लिए टेंडर की जरुरत नहीं होती है। लेकिन अब तक वह काम भी शुरू नहीं हो सका है। हालांकि नगर निगम अधिकारियों का दावा है कि अधिकांश सफाई कर्मचारी इस समय वार्डों और अन्य जगहों पर सफाई कार्य को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में नाला सफाई शुरू कराने से महानगर में नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। वहीं अब तक नालों की सफाई नहीं होने से तमाम स्थानों पर जलभराव के हालात बन रहे हैं। नालों की सफाई के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। नालों की सूची निर्माण विभाग को भेजी गई है। जल्द ही इसे लेकर टेंडर प्रक्रिया कराई जाएगी। शादाब असलम, अपर नगर आयुक्त