शहर कोतवाली अंतर्गत जेल चौराहे के पास रविवार की देर शाम क्रिकेट में हुए विवाद को लेकर दो समुदायों में हिंसक झड़प हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अमले के साथ पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और एहतिहात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। वहीं, आधे घंटे से अधिक समय तक चले संघर्ष में दोनो पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ और फायरिंग भी हुई।
पुलिस के अनुसार रविवार को क्रिकेट मैच खेलने के दौरान एक संप्रदाय के एक युवक का बल्ला दूसरे समाज के एक बच्चे को लग गया, जिससे उसके हाथ में चोट आ गई। घटना की जानकारी मिलते ही चोटहिल बच्चे के पक्ष की ओर से लोगों ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट कर दी। यह देख दोनो पक्ष सड़क पर उतर आए और एकजुट होकर जेल चौराहे पर एकत्रित हो गए और हंगामा करने लगे। इसी दौरान दोनो पक्षों की ओर से जमकर पथराव शुरू हो गया और फायरिंग होने लगी। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग, अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता, एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह सहित आस पास के थानाध्यक्ष, यातायात पुलिस समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान सीओ सिटी हिमांशु गौरव, एसडीएम सदर घनश्याम वर्मा, सीओ महरौनी राजा सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और कार्रवाई का भरोसा दिया। मामला शांत हो जाने के बाद भी पुलिस अधीक्षक ने एहतिहात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया है।
वहीं, इस दौरान झांसीपुरा निवासी एक समाज के लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मुहल्ले का अभिषेक पुत्र दिनेश जो एक सामाजिक संगठन का कार्यकर्ता है। उसको कुछ युवक आए दिन परेशान करते चले आ रहे हैं। रविवार को जब वह जा रहा था, इसी दौरान आरोपियों ने जेल चौराहे पर उसे रोककर मारपीट कर दी। यह देख वहां से गुजर रहे संगठन के कार्यकर्ता ने संगठन व समाज के लोगों को इस घटना की जानकारी दी। इस पर लोग एकजुट होकर उसे बचाने के लिए जेल चौराहे पर पहुंचे तो वहां आरोपियों ने फायर झोंकते हुए पथराव कर दिया। सीओ सिटी ने शिकायतीपत्र लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
क्रिकेट को लेकर विवाद हुआ था। मौके पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पहुंचकर माहौल शांत करवाया। अपराधियों को चिह्नित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। फायरिंग की भी जांच की जा रही है। विवाद को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले में जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी।
कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक