झांसी। कानपुर बाईपास तिराहा पर मंगलवार की दोपहर डंपर से टकराकर पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर पलट गया। इस कारण टैंकर से पेट्रोल डीजल बहने से वहां दहशत फैल गई। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने मौके का फायदा उठाया। किसी ने बोतल व डिब्बे में पेट्रोल भरा तो किसी ने वाहन की टंकी भरी। आपाधापी में पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा में भी चूक कर दी, जिससे टैंकर के केबिन में आग लग गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया अन्यथा गंभीर हादसा होता।
शिवपुरी हाइवे की तरफ से पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर संख्या यूपी93एटी- 5099 कानपुर बाईपास तिराहा से शहर की तरफ मुड़ रहा था, तभी कानपुर हाइवे की तरफ से आए डंपर संख्या यूपी93एटी- 6560 से टैंकर टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि टैंकर नजदीक पुलिस बूथ की तरफ गिर पड़ा। यह देख बूथ पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के दारोगा नासिर अली व मोहम्मद तौफीक खान भागे, जिससे दोनों बाल-बाल बच गए। ंहालांकि नासिर अली की बाइक यूपी78एक्यू- 7721 चपेट में आने से चकनाचूर हो गई। पलटे टैंकर से तेजी से पेट्रोल व डीजल का रिसाव होने लगा। इससे हड़कंप मच गया। सूचना पर कुछ ही देर में थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस व दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के चलते पुलिस ने हाइवे पर वाहनों का आवागमन रुकवा दिया।
इसके बाद पेट्रोल व डीजल को तेजी से सड़क पर रिसता देख पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा के इंतजाम करने के बजाए अपने परिचितों को बुलाकर पेट्रोल भरना शुरू कर दिया। हालात यह हो गई कि कुछ देर में पुलिस कर्मियों की बोतल व डिब्बे लिए लाइन लग गई। कोई बड़ी बोतल भरकर ले गया तो कोई डिब्बा और किसी ने वहीं वाहन की टंकी फुल कर ली। इस बीच आसपास के दुकानदार व ढाबा संचालक भी कैन व डिब्बे लेकर पहुंच गए, जो पेट्रोल व डीजल भरकर ले जाने लगे।
इस आपाधापी का परिणाम यह हुआ कि सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने जानकारों के कहने के बावजूद टैंकर में लगी बैटरी का कनेक्शन डिसकनेक्ट नहीं करवाया। जब क्रेन से टैंकर को उठाया जाने लगा तो स्पार्किंग से केबिन में आग लग गई। आग लगते ही दमकल कर्मियों ने तुरंत पानी और केमिकल्स की बौछार शुरू कर दी, जिसकी वजह से आग विकराल नहीं हो सकी।
पेट्रोल-डीजल ले जाने आपत्तिजनक : सीओ सिटी
सीओ सिटी कल्याण सिंह ने बताया कि टैंकर अंदर से दो हिस्से में बंटा हुआ था। एक हिस्से में पेट्रोल और दूसरे में डीजल भरा था। पुलिस कर्मियों का सुरक्षा के बजाए पेट्रोल-डीजल भरकर ले जाना आपत्तिजनक है। चिह्नित करके उनके खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी।