फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रानी और राजा के स्वागत को उमड़ा शहर

विज्ञापन
rani jhansi marriage anniversary - फोटो : amarujala
विज्ञापन
झांसी। सन 1842 की तारीख 19 मई और 19 मई 2019 के बीच 176 सालों का लंबा फासला है। इस दौरान सबकुछ बदल चुका है। राजतंत्र का सूरज कभी का अस्त हो चुका है और लोकतंत्र अपनी जवानी पर है। नहीं बदला है तो झांसी की जनता का अपनी रानी के प्रति स्नेह का जज्बा। जी हां, इतिहास के पन्नों में दर्ज है कि बैसाख शुक्ल दशमी, संवत 1899 को झांसी के राजा गंगाधर राव और बिठूर की कन्या मनु (मणिकर्णिका) की शादी का पूरा शहर साक्षी बना था। रविवार को रानी की शादी की 177वीं सालगिरह पर भी मानों पूरा शहर उमड़ पड़ा। इस दौरान निकाली गई शोभायात्रा का लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। रानी और राजा के स्वरूपों को किसी ने पान खिलाया तो किसी ने तिलक कर गले से लगाया। हर कोई उत्साहित नजर आया।
विज्ञापन

शोभायात्रा की शुरुआत लक्ष्मी व्यायाम मंदिर के प्रांगण से हुई। यहां महाराष्ट्र गणेश मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने राजा गंगाधर राव के स्वरूप को शाही पगड़ी पहनाई। भाजपा नेता अनुराग शर्मा, समाजसेवी अनुराधा शर्मा समेत अन्य लोगों ने तिलक किया। महाराष्ट्र समाज की महिलाओं ने पारंपरिक आरती उतारकर पान खिलाया।
यहां से शहर की ओर निकली शोभा यात्रा में सबसे आगे घुड़सवार झांसी राज्य का ध्वज लेकर चल रहा था। इसके पीछे रानी की सहयोगी और राजा-महाराजाओं के स्वरूप चल रहे थे। महाराष्ट्रीय समाज के लोग पारंपरिक परिधानों में थे। पुरुषों के सिर पर पगड़ी सजी हुई थी। बैंडों से देशभक्ति के तराने गूंज रहे थे। बुंदेलखंड सेवा मंडल के पदाधिकारी और महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कालेज के विद्यार्थी रानी की जय जयकार के नारे गुंजायमान करते चल रहे थे। शोभा यात्रा पंचकुइयां सिंधी तिराहा, मानिक चौक, सराफा बाजार, गंदीगर टपरा होते हुए प्राचीन गणेश मंदिर पहुंची। यहां द्वाराचार हुआ। इसके बाद राजा और रानी के स्वरूप को मंच पर बैठाकर लोगों ने उन्हें नजराने (उपहार) भेंट किए। देर शाम तक यह क्रम जारी रहा।
विज्ञापन

इस मौके पर गणेश मंदिर कमेटी के सचिव गजानन खानवलकर, उपाध्यक्ष राजीव इंदापुरकर, सहसचिव उज्ज्वल देवधर समेत अनिल सोनी, अरविंद ओझा, मिलिंद देसाई, नीशू भागवत, राहुल खंडकर, शालिगराम राय, अजीत राय, सुनील अग्रवाल, प्रभात कुमार सक्सेना, रामकिशन निरंजन, पीयूष रावत, वसंतराम मोघे, आनंद गोलवलकर, हर्षल गोलवलकर, अनिल जोशी, श्रीकांत तलवलकर, सुदर्शन शिवहरे, राघव इंदापुरकर, संजय ताम्हनकर, मोहन नेपाली, मनीषा खानवलकर, ऊषा बुधौलिया, वंदना पराड़कर, दिनेश भार्गव आदि मौजूद रहे।

सोशल मीडिया पर छाई शादी
रानी की शादी की सालगिरह के मौके पर गणेश मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में लोगों में रानी और राजा के स्वरूपों के साथ सेल्फी लेने की होड़ रही। सोशल मीडिया पर भी रानी की शादी छाई रही। लोगों ने स्वरूपों के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर शेयर कीं। शोभायात्रा के भी अलग-अलग नजारे सोशल मीडिया पर देखने को मिले। जबकि, इससे पहले दिन भर लोग सोशल मीडिया पर एक दूसरे को सालगिरह की बधाई देते नजर आए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें