झांसी। महानगर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को लेकर कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए कोछाभांवर में जल्द ही तीन एकड़ जमीन पर सिटी बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। निर्माण का कार्य जल निगम की संस्था सीएंडडीएस को सौंपा है।
शासन ने पिछले साल महानगर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को लेकर प्रस्ताव मांगा था। जिसके बाद नगर निगम ने सात रूट पर बसें चलाने का प्रस्ताव भेजा और चार रूटों को मंजूरी मिल गई। इसके बाद बसों की चार्जिंग के लिए बस स्टैंड की जरूरत होने पर नगर निगम ने जगह की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए कोछाभांवर में नगर निगम की तीन एकड़ भूमि को चिह्नित किया गया। निगम अधिकारियों ने यहां पर चार्जिंग प्वाइंट, डिपो, रात्रि पार्किंग की व्यवस्था करने का खाका खींचा। बस स्टैंड निर्माण के लिए प्रक्रिया शुरू की जानी थी, लेकिन लॉकडाउन के चलते प्रक्रिया अटक गई। अब नगर निगम ने बस स्टैंड निर्माण को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने परिवहन निगम और जल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें तय किया कि बस स्टैंड का निर्माण जल निगम की संस्था सीएंडडीएस कराएगी। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही एस्टीमेट बनाने के बाद टेंडर कराकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
चार रूटों पर दौड़ेंगी 25 बसें
शासन ने इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार रूट तय कर दिए हैं। ये बसें कोछाभांवर से झलकारी बाई तिराहा, रेलवे स्टेशन से कई मार्गों से होते हुए वापस रेलवे स्टेशन, गरिया फ ाटक से मेडिकल कॉलेज और करारी से बिजौली मार्ग पर चलेंगी। इसके लिए शासन 25 बसें उपलब्ध कराएगा।
सीएनजी बसें भी चलाने की तैयारी
महानगर में इलेक्ट्रिक बसों के साथ सीएनजी बसें भी चलाई जाने की तैयारी की जा रही है। बताया जाता है कि इन बसों को जिले के लोकल रूटों पर दौड़ाया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया विचाराधीन है।
कोछाभांवर में तीन एकड़ की जमीन पर बस स्टैंड का निर्माण सीएंडडीएस को कराना है। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। महानगर में प्रदूषण को कम करने के लिए 25 बसों को चलाया जाएगा।
अरुण कुमार गुप्त, अपर नगर आयुक्त