जमीन, मकान, दुकान या अन्य कोई संपत्ति की खरीद की योजना बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। जी हां, इस साल जमीन के दामों में बढ़ोत्तरी नहीं होने जा रही है। सर्किल रेट यथावत रखे जाने की तैयारी है। इसकी बड़ी वजह संपत्ति की बाजारू कीमतों में बढ़ोत्तरी न होना है। जबकि, हर साल अगस्त माह में ये संशोधित किए जाते हैं और इसमें पांच से दस फीसदी तक की बढ़ोत्तरी होती है।
निबंधन विभाग द्वारा नगर निगम की सीमा के अंतर्गत संपत्ति की खरीद फरोख्त पर पांच प्रतिशत स्टांप ड्यूटी व दो प्रतिशत विकास शुल्क लिया जाता है। जबकि, नगर निगम से बाहर के इलाकों में सिर्फ पांच फीसदी स्टांप ड्यूटी ही वसूल की जाती है। विकास शुल्क नहीं लिया जाता है। दस लाख तक की संपत्ति की खरीद पर महिलाओं को स्टांप ड्यूटी में एक प्रतिशत की छूट दी जाती है। ये स्टांप ड्यूटी जमीन के सर्किल रेट के हिसाब से वसूल की जाती है।
जमीन की बाजारू कीमतों के मुताबिक सर्किल रेट स्थानीय प्रशासन द्वारा तय किए जाते हैं। हर साल अगस्त माह में ये प्रक्रिया पूरी कर ली जाती है। इसके लिए सब रजिस्ट्रार कार्यालयों से रिपोर्ट मांगी जाती है। ये प्रक्रिया इस बार भी जारी है। सभी सब रजिस्ट्रारों से रिपोर्ट मांगी गईं हैं। लेकिन, कोरोना वायरस के संक्रमण और लॉकडाउन की वजह से कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। तमाम लोगों के समक्ष रोजगार का संकट भी पैदा हो गया है।
ऐसे में फिलहाल संपत्तियों की खरीद-फरोख्त की गति मंद पड़ी हुई है। संपत्तियों की कीमतों में उछाल नहीं आया है। ऐसे में निबंधन विभाग की भी सर्किल रेट में बढ़ोत्तरी की भी तैयारी नहीं है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम फैसला जिला प्रशासन लेगा।
सर्किल रेट संपत्ति की बाजारू कीमत के अनुसार तय किए जाते हैं। लेकिन, वर्तमान परिस्थितियों में बाजारू कीमतों में ज्यादा तेजी देखने को नहीं मिल रही है। ऐसे में सर्किल रेट में बढ़ोत्तरी की संभावनाएं भी कम हैं। हालांकि, अभी सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में रिपोर्ट मांगी गई है। सभी तहसीलों से रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम फैसला जिला प्रशासन लेगा।
- एके पासवान, सहायक महानिरीक्षक - निबंधन