संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। नेशनल अकादमी सेकेंडरी स्कूल में दिवाली के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। इसमें बच्चों को बुंदेलखंड की प्राचीन लोक संस्कृति और दीपोत्सव परंपराओं से परिचित कराया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध मोनिया नृत्य रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत धवाकर की मौनिया टीम के पारंपरिक दिवाली गीतों से हुई। इसके बाद मोनिया नृत्य का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों और वानर रूपियों ने बच्चों का मनोरंजन किया। बच्चों ने इस अनूठी लोक कला की सराहना की। विद्यालय के प्रबंधक प्रमोद सिंह ने बुंदेली परंपराओं का इतिहास और महत्व बताया। उन्होंने कहा कि मोनिया नृत्य भाईचारे, उल्लास और माटी से जुड़ाव का संदेश देता है। प्रधानाचार्य अनीता सिंह ने ऐसे आयोजनों को बच्चों में संस्कृति के प्रति रुचि जगाने वाला बताया।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अखिलेश सेठ, आरके अहिरवार, रामगुलाम सोनी, सोनू मिश्रा, जगदीश, राजीव दीक्षित, दीपू सैनी, जितेंद्र साहू, रिचा मिश्रा, डोली यादव, नेहा रजक, अमृता रिछारिया, श्रुति गुप्ता, इशिता गुप्ता आदि ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।