झांसी। नगर निगम के वार्ड नंबर 39 स्थित कालका कॉलोनी में रविवार शाम बिजली के तार की चपेट में आने से छह साल के बच्चे को करंट लग गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली कंपनी के प्रति आक्रोश व्याप्त हो गया।
कालका कॉलोनी निवासी अंश कुशवाहा खेल रहा था। तभी रविवार शाम बल्लियों से लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही पहले तो अंश का प्राथमिक उपचार कराया। बाद में आक्रोशित लोग सूती मिल पावर हाउस पहुंच गए। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली के तारों को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
पावर हाउस पहुंचे गोपाल कुशवाहा, ममता, भारती, ज्योति समेत अन्य क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से जर्जर एवं नीचे लटक रहे तारों को तत्काल ठीक कराने की मांग की । वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि राहुल तिवारी ने बताया कि बिजली कंपनी के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।