झांसी। आठ और नौ जनवरी को झांसी में बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग की तरफ से ये पूर्वानुमान जताया गया है। वहीं, शनिवार को लगातार आठवें दिन धूप नहीं निकली। हालांकि, तापमान में कुछ बढ़ोतरी जरूर हुई।
झांसी में सुबह से ही बादल छाए हुए थे। हालांकि, कोहरा नहीं था। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को न्यूनतम तापमान में 1.9 और अधिकतम पारा में 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 4.5 डिग्री कम है। न्यूनतम पारा 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग नई दिल्ली से मिले आंकड़ों के अनुसार आठ और नौ जनवरी को प्रदेश के अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। झांसी में भी यही आसार हैं।
किसान इन बातों का रखें ध्यान
- रबी मौसम की फसलों में सिंचाई समेत अन्य छिड़काव कार्य स्थगित कर दें।
- पशुओं को साफ और सुरक्षित स्थान पर रखें। सर्दी से बचाव का इंतजाम करें।
- बिजली चमकने पर सुरक्षित स्थान पर रहें। रात में खेतों में काम न करें।