अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। यातायात पुलिस ने मंगलवार को एक ही दिन में हेलमेट न लगाने वाले 219 बाइक चालकों के चालान काटे। पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। बगैर हेलमेट के चालान में एक हजार रुपये के जुर्माने का प्रावधान है।
बगैर हेलमेट बाइक चलाने वाले वालों पर हर समय जान का खतरा बना रहता है। इसके अलावा, यह यातायात नियमों का उल्लंघन भी है। आए दिन दुर्घटनाओं के ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें वाहन चालकों की मौत की वजह सिर की चोट बनी। हेलमेट लगाए होने पर उनकी जान बच सकती थी। लोगों को हेलमेट के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अमर उजाला की ओर से लगातार खबरों का प्रकाशन किया जा रहा है।
मंगलवार के अंक में भी ‘नियमों की खटिया खड़ी...’ शीर्षक के साथ लोगों की लापरवाही उजागर करते हुए फोटो प्रकाशित की गई हैं। इसका खासा असर हुआ है। मंगलवार को सक्रिय हुई यातायात पुलिस ने जगह-जगह चेकिंग कर बगैर हेलमेट लगाए वाहन दौड़ाने वाले 219 दुपहिया चालकों के चालान काटे। सीओ यातायात स्नेहा तिवारी ने बताया कि पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।