थाना नवाबाद इलाके में शुक्रवार की सुबह एक शिक्षिका टप्पेबाजी की शिकार हो गई। बाइक से आए दो बदमाशों ने खुद को पुलिस बताकर शिक्षिका को झांसे में ले लिया। इसके बाद वे शिक्षिका के पांच तोले के चेन और कंगन उतरवाकर रफूचक्कर हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी गई, लेकिन अब तक हाथ खाली हैं।
सेंट्रल होटल के पीछे टंडन कंपाउंड निवासी भारत भूषण मेहता भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में कार्यरत हैं। जबकि, उनकी पत्नी रेखा मेहता शियरवुड कॉलेज में शिक्षिका हैं। शुक्रवार की सुबह लगभग सवा आठ बजे रेखा स्कूटर से इलाहाबाद बैंक के पास स्थित सेंट ज्यूड चर्च में प्रार्थना सभा में भाग लेने जा रही थीं। चर्च के गेट पर पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने बताया कि वे पुलिस कर्मचारी हैं और उन्होंने शिक्षिका के सोने के आभूषण पहनने पर ऐतराज जताया। बदमाशों ने शिक्षिका से कहा कि बीते रोज इस इलाके में एक महिला के साथ लूट की वारदात हो चुकी है। ऐसे में आभूषण पहनकर चलना ठीक नहीं है। उन्होंने शिक्षिका से आभूषण उतारकर एक कागज में रखने को कहा। शिक्षिका ने सोने की चेन और हाथों के दो कंगन उतारकर एक कागज में रखकर पुड़िया बना ली। बातों में उलझाकर बदमाशों ने कागज की पुड़िया बदल दी और रफूचक्कर हो गए। बदमाशों के जाने के बाद शिक्षिका ने पुड़िया खोली, तो उसमें सोने की जगह लोहे के कंगन निकले। मामला समझते ही शिक्षिका ने शोर मचाना शुरू कर दिया और परिजनों को इसकी सूचना दी। जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका।
सब चालू, एक कैमरा खराब
शिक्षिका के पति भारत भूषण मेहता ने बताया कि चर्च गेट के आसपास एक स्कूल में कई सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। घटना के बाद इन कैमरों की रिकार्डिंग देखी गई, तो पता चला कि सब कैमरे चालू हैं, परंतु घटना के स्थान वाला कैमरा खराब निकला। एक अन्य कैमरे की रिकार्डिंग में घटना के बाद पीड़िता तो नजर आ रही हैं परंतु बदमाश नहीं दिख रहे। चर्च गेट के बाहर सड़क पर और भी कई भवनों में कैमरे लगे हैं, जिनकी रिकॉर्डिंग पुलिस की सहायता से ही देखी जा सकती है। उन्होंने बताया कि चेन और कंगन पांच तोले के थे। वहीं, पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे 16 सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। नवाबाद प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह चंदेल ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।