चिरगांव। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिरगांव क्षेत्र में आवारा गोवंश राहगीरों व वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। रात के समय हाईवे पर बीच सड़क व किनारों पर बैठे गोवंश कभी भी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकते हैं। बुधवार रात भी हाईवे पर कई गोवंश सड़क पर बैठे और घूमते नजर आए, जिससे तेज रफ्तार वाहनों को अचानक गति धीमी करनी पड़ी।
शासन द्वारा करोड़ों रुपए खर्च करके चिरगांव क्षेत्र में तीस गोशालाओं का निर्माण कराया गया है। जिन पर 50 रुपये प्रति जानवर पर प्रतिदिन के हिसाब से पैसा व्यय किया जा रहा है। पहले यह गोशालाएं ग्राम पंचायत के अधीन होती थीं, लेकिन इस बार कई गोशालाओं का संचालन एनजीओ द्वारा किया जा रहा है। क्षेत्र के रामकिशोर, रामनारायण ने पशुपालन विभाग से मांग की है कि आवारा गोवंश को तत्काल सुरक्षित गोशालाओं में पहुंचाया जाए, जिससे हाईवे को गोवंश मुक्त बनाकर संभावित दुर्घटनाओं पर रोका जा सके। संवाद