झांसी। शुक्रवार को झांसी विकास प्राधिकरण की 81वीं बोर्ड बैठक हुई, जिसमें मंडलायुक्त ने कैटल कॉलोनी विकसित करने के लिए भूमि चयन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लैंड बैंक बनाए जाने व छोटी आवासीय परियोजना विकसित करने को कहा।
कमिश्नरी सभागार में आयोजित बैठक में मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने कैटल कालोनी विकसित करने के लिए भूमि का चयन करने के निर्देश दिये। इस पर नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र की सीमा के बाहर कैटल कॉलोनी के लिए भूमि अर्जित की जा सकती है। इसके अलावा मंडलायुक्त ने कहा कि लैंड बैंक की स्थापना के लिए भूमि का चयन किया जाए। यदि बड़ी आवासीय कॉलोनी, व्यवसायिक कांपलेक्स बनाना संभव न हो तो छोटी-छोटी कॉलोनी विकसित कर प्राधिकरण की आय बढ़ाई जाए। जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश दीक्षित ने बताया कि ग्राम करारी व अंबावाय में भूमि क्रय किए जाने पर वार्ता हो चुकी है, जल्द खरीद होगी। इस दौरान अवैध कालोनी चिह्नित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कॉलोनियों के नगर निगम को हस्तांतरण की कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की आय अधिक हो रही है तो व्यय भी अधिक किया जाए। मंडलायुक्त ने अटल एकता पार्क के रखरखाव के लिए समिति गठित करने तथा दीनदयाल सभागार का उचित रखरखाव करने के निर्देश दिए। बैठक में बोर्ड के सदस्यों ने कहा कि जेडीए द्वारा बनायी गई कालोनियों का लुक प्राइवेट कालोनियों से अलग दिखना चाहिए, जो मॉडल के रुप में होनी चाहिए। बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना के संबंध में अवगत कराया कि ग्राम करारी की भूमि को चिह्नित किया गया है। सदस्यों ने जेडीए की सीमा में हरित पट्टी विकसित कराने का सुझाव दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आंद्रा वामसी, नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, उपाध्यक्ष जेडीए सर्वेश कुमार दीक्षित, सचिव जेडीए त्रिभुवन विश्वकर्मा, सुबोध गुबरेले, संजीव श्रृंगीऋषि, सुधीर सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।