संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस से सोनागिर-दतिया के बीच मवेशी टकरा गया। ट्रेन झटके के साथ रुक गई। झटका लगने से यात्रियों का लगेज बैग होल्डर से नीचे आ गिरा। इसी बीच किसी ने अफवाह फैला दी कि बारिश के चलते पटरी जमीन में धंस गई है। इससे लाेगों में अफरातफरी मच गई।
शनिवार सुबह 10 बजे हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस सोनागिर-दतिया रेल खंड पर झांसी की ओर बढ़ रही थी। इसी दाैरान ट्रेन के आगे एक मवेशी आ गया। मवेशी के टकराते ही लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका तो झटके से यात्रियों का सामान फर्श पर आ गिरा। इससे पहले कि यात्री कुछ समझ पाते, दूसरे यात्रियों ने अफवाह फैला दी कि जिस ट्रैक पर वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ रही है, वह ट्रैक बारिश के चलते धंस गया है। थोड़ी देर बाद लोकाे पायलट ने अनाउंसमेंट कर बताया कि घबराने की बात नहीं है, ट्रेन से मवेशी टकराया है। घटना के दस मिनट बाद ट्रेन झांसी के लिए चल पड़ी। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन से मवेशी टकराया था, कोई नुकसान नहीं हुआ है। ट्रैक धंसने की बात कोरी अफवाह है।