कैशलेस भुगतान अपनाने पर जिला अस्पताल के पूर्व कार्यवाहक सीएमएस डा. रवि माथुर को पांच हजार रुपये का ईनाम मिला है। कैशलेस लेनेदेन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की ‘लकी ग्राहक’ और डिजि-धन व्यापार योजना के तहत 31 दिसंबर की शाम 5:31 बजे उनके पीएनबी सिटी शाखा में आए। पहली बार झांसी में किसी को कैशलेस भुगतान करने पर पुरस्कार मिला है।
केंद्र सरकार की कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए 100 दिन तक ‘लकी ग्राहक’ और डिजि-धन व्यापार योजना शुरू की है। इसका पहला लकी ड्रा 31 दिसंबर को निकाला गया था। योजना का पहला लकी ड्रा निकला तो झांसी के डा. रवि माथुर का नाम भी विजेताओं की सूची में था। अपने मोबाइल में पांच हजार रुपये खाते में आने का मेसेज देख वह चौंक गए। सोमवार को वह पंजाब नेशनल बैंक की सिटी मुख्य शाखा में अपनी पासबुक में एंट्री कराने गए तो पता चला कि ये रुपये उन्हें पुरस्कार में मिला है। एंट्री में उनकी पासबुक में ‘लकी वीकली’ नाम से एंट्री हुई।
आप भी जीतें नकद ईनाम
केंद्र सरकार की ‘लकी ग्राहक’ और डिजि-धन व्यापार योजना का लाभ आप भी ले सकते हैं। इसके लिए आपको ये काम करने होंगे-
1- बाजार में खरीदारी करने पर क्रेडिट और डेबिट कार्ड को स्वाइप मशीन से पेमेंट करें।
2- नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर (एनईएफटी) और रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (आरटीजीएस) से कैश का ऑनलाइन लेनदेन करें। इसके लिए आपको बैंक में जाकर फार्म भरना होगा। आरटीजीएस से एक लाख तक का और इससे अधिक का लेनदेन एनईएफटी से किया जा सकता है।
3- अपने एटीएम कार्ड को एटीएम मशीन से ई-ट्रांजेक्शन करें।
4- खरीदारी करने पर ई-वॉलेट से भुगतान करें। एसबीआई का बडी और पीएनबी के किटी के अलावा कई निजी कंपनियों के ई-वॉलेट आप अपने एंड्रायड फोन में डाउनलोड कर सकते हैं।
5- चैक से भुगतान करने पर भी आप को पुरस्कार मिल सकता है।
साथ में
कुछ बैंकों से निकले पांच सौ के नोट
झांसी। नये साल में एटीएम से पांच सौ के नए नोट मिलने लगे हैं। बैंक ऑफ इंडिया, एसबीआई समेत कुछ बैंकों के एटीएम से पांच सौ के नए नोट निकलने लगे हैं। एसबीआई मुख्य शाखा के मुख्य प्रबंधक गिरीश अग्रवाल ने बताया कि बैंक के 32 एटीएम चलने लगे हैं। दो हजार और पांच सौ के नोट डाल दिए गए हैं। बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक एमपी सिंह ने बताया कि बैंक के आठ एटीएम में सात एटीएम में नए पांच सौ के नोट डाले गए हैं। ध्यानचंद स्टेडियम के सामने स्थित एसबीआई के एटीएम से दो हजार और सौ के नोट ही निकले।