झांसी (एरच)। पंजाब नेशनल बैंक की बामौर शाखा के कैशियर को 13,45,900 के गबन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद उसे जेल भेज दिया। शाखा प्रबंधक ने सोमवार की रात को उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीएनबी के शाखा प्रबंधक साजिद हुसैन ने पुलिस को बताया थाना प्रेमनगर के बिजौली इलाके में अंजनी माता मंदिर के पास रहने वाला अखिलेश अहिरवार पुत्र विजय कुमार बैंक में कैशियर है। दो अप्रैल को बैंक का कामकाज खत्म होने बाद जब रकम का मिलान किया गया तब उसमें 13,45,900 रुपये कम मिले। इस पर अखिलेश से पूछताछ हुई लेकिन, वह कोई जवाब नहीं दे सका। वह टालमटोल करने लगा। इसके बाद शाखा प्रबंधक ने पुलिस को सूचना दी। शाखा प्रबंधक की लिखित तहरीर के आधार पर सोमवार रात को एरच पुलिस ने आरोपी कैशियर के खिलाफ गबन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने आरोपी की तलाश में लग गई। मंगलवार सुबह उसके बामौर ब्लॉक के गेट के पास मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने वहीं से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी त्रदीप सिंह के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने गबन की बात स्वीकार की है। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
कर्जा पाटने की खातिर कर दिया गबन
आरोपी बैंक कैशियर ने पुलिस पूछताछ में गबन करने की बात कबूल की हालांकि इसके पीछे उसने जो वजह बताई उसे सुनकर पुलिस वाले भी चौंक उठे। पिछले करीब पंद्रह साल से वह बैंक में कैशियर है। मोटी पगार मिलने के बावजूद उसने ब्याज पर बाहरी लोगों से कर्जा ले रखा था। पुलिस को उसने बताया कि उसके ऊपर करीब बीस लाख रुपये का कर्जा हो गया। इसके लिए हर महीने उसे मोटा ब्याज चुकाना पड़ता था। सूदखोर घर में आकर परेशान करते थे। कर्ज की यह रकम चुकाने के लिए उसने बैंक में जमा रकम को सफाई से अपने साथ निकाल ले गया।