अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ट्रक में पशुओं को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाने और रोकने पर बाइक-कार सवारों को टक्कर मारने के आरोप में पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जबकि, दूसरे पक्ष की ओर से भी एसएसपी से शिकायत की गई है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
रविवार देर रात बजरंग दल के कार्यकर्ता इलाइट चौराहे पर धरने पर बैठ गए थे। उनका आरोप था कि एक ट्रक में पशुओं को क्रूरतापूर्वक भरकर स्लाटर हाउस ले जाया जा रहा था। रोकने की कोशिश करने पर ट्रक चालक ने उनकी बाइक और कार में टक्कर मार दी थी। घटना में वे बाल-बाल बचे थे। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को बरामद कर लिया। इसमें 16 भैंसे मिले हैं। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर बजरंग दल के कार्यकर्ता भेल निवासी राहुल तिवारी की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, दूसरे पक्ष के बाहर ओरछा गेट निवासी नफीस ने रविवार को एसएसपी को शिकायती पत्र दिया। इसमें बताया कि वह ललितपुर से जानवर खरीदकर ट्रक से झांसी के स्लाटर हाउस जा रहा था। इसी दरम्यान बबीना टोल प्लाजा से कुछ युवक ट्रक का पीछा करने लगे और भगवंतपुरा में ट्रक रोक लिया। इस दौरान आरोपियों ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलाए। जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर भी झोंका। प्रार्थना पत्र के जरिये आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
मामले में एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक को जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दूसरे पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी। इसके बाद कार्रवाई होगी।
0000000
पुलिस के हत्थे चढ़ा गैंगस्टर
सोमवार को रक्सा थाना पुलिस की टीम ने फरार चल रहे गैंगस्टर के आरोपी ग्राम अठौंदना निवासी प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया। डोंगरी चौकी प्रभारी नवाब सिंह की अगुआई में टीम ने आरोपी को उसके घर से पकड़ा। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। ब्यूरो