संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा। बीते शुक्रवार को थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम हंसरी में खेतों पर एक युवक गंभीर घायल अवस्था में पड़ा मिला था। पर जानलेवा हमला करने के आरोप में थाना पुलिस ने आठ लोगों पर जानलेवा हमला करने के आरोप समेत तमाम गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम हंसरी निवासी जगभन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते शुक्रवार रात उसका पुत्र नरेंद्र घर में सो रहा था। देर रात बगैर बताए घर से चला गया, जहां उसे गांव का ही शिशुपाल मिल गया जो अपने साथियों सुनील, पहलवान, मोहन, संदीप, योगेश, मनीराम, शिशुपाल, कमलेश के साथ नरेंद्र को खेतों में ले गया और पत्थरों से मार पीटकर मरणासन्न कर दिया। इसके बाद गांव के ही कच्चे कुएं में फेंक दिया। नरेंद्र जैसे तैसे कुएं से निकल कर देर रात घर पहुंचा और आपबीती सुनाई। नरेंद्र को सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज झांसी के लिए रेफर कर दिया। आरोपी अब भी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने सुनील समेत आठ आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने एवं जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।