संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर जहर खाकर मरने की बात कहने से क्षुब्ध होकर युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली महरौनी के ग्राम करीसा निवासी राघवेंद्र राजपूत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी छोटी बहन रानी (19) को शिव गणेश उर्फ शिवम निवासी रायपुर थाना जखौरा अपनी इंस्टाग्राम आईडी से मैसेज भेजकर परेशान करता था। आरोपी अलग-अलग नामों से इंस्टाग्राम पर आईडी बनाकर बहन को परेशान करता रहता था। वह व्हाट्सएप मैसेज भी करता था। आरोपी ने उसकी बहन को मैसेज भेजकर आत्महत्या के लिए उकसाया और कहा कि जहर खाकर के मर जाओ। इस कारण नौ मई को उसकी बहन ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 10 मई को उसकी बहन की मौत हो गई। मौत से पूर्व उसकी बहन ने बताया था कि शिवम ने जहर खाकर मरने के लिए कहा था।