अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पराग महाप्रबंधक आरके वर्मा एवं लैब सहायक केके पांडेय को चैंबर में घुसकर पीटने वाले बरुआपुरा दुग्ध समिति के सचिव भज्जू यादव समेत तीन अज्ञात के खिलाफ नवाबाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर तीन के सामने स्थित पराग डिपो में 12 जून को दूध की गुणवत्ता खराब बताए जाने पर बरुआसागर दुग्ध समिति के सचिव भज्जू का लैब सहायक केके पांडेय से विवाद हो गया था। लैब सहायक का कहना है कि दूध मानक के मुताबिक नहीं था। महाप्रबंधक ने इसे लेने से मना कर दिया। इससे नाराज भज्जू अपने साथियों को लेकर महाप्रबंधक आरके वर्मा के चैंबर में घुस गया। चैंबर को अंदर से बंद करके आरोपी ने महाप्रबंधक समेत लैब सहायक को लात-घूंसों से पीटा। उनके चैंबर में तोड़फोड़ की। दूसरे दिन महाप्रबंधक ने कर्मचारियों के साथ जाकर जिलाधिकारी से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
मंगलवार को डीआईजी से शिकायत की। इसके बाद लैब सहायक केके पांडेय की तहरीर पर नवाबाद पुलिस ने भज्जू समेत तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है।