ग्वालियर स्टेशन के पास से कानपुर के लापता व्यापारी की कार बरामद
झांसी। परिवार सहित लापता हुए कानपुर के पी रोड निवासी कपड़ा कारोबारी अजीत केसरवानी की कार बुधवार को पुलिस ने ग्वालियर स्टेशन के पास बरामद कर ली। साथ ही स्टेशन के पास स्थित उस होटल का भी पता लग गया, जिसमें व्यापारी परिवार के साथ रुका था। मगर, पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वह भाग गया। उसके दिल्ली या मुंबई भागने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस व्यापारी तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास में लगी है।
मंगलवार की सुबह कपड़ा कारोबारी अजीत केसरवानी ने अपने शोरूम के मैनेजर प्रशांत गुप्ता से मोबाइल पर बात की थी। हालांकि, व्यापारी ने यह नहीं बताया था, वह कहां हैं। इसके कुछ देर बाद ग्वालियर निवासी एक दवा व्यापारी ने अजीत को कार सहित रेलवे स्टेशन के बाहर देखा और फोटो खींच ली थी। इन सूचनाओं के आधार पर कानपुर से परिजन सीसामऊ पुलिस और झांसी से स्वॉट टीम ग्वालियर पहुंच गई थी। बुधवार को पुलिस ने व्यापारी की कार ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर ली। साथ ही, उस होटल का भी पता लगा लिया, जहां वह परिवार के साथ ठहरे थे। यहां मिलीं अहम जानकारियों के बाद पुलिस हर संभव जगह दबिश देती रही।
उल्लेखनीय है कि 12 जुलाई को कानपुर के पी रोड निवासी कपड़ा व्यापारी अजीत केसरवानी, पत्नी लक्ष्मी, पुत्र आदि, यश व बेटी माही के साथ इलाहाबाद जाने की बात कहकर घर से निकले थे। घर से जाते समय वह अपने भाई को घर में मछलियों को दाना डालने के लिए कहकर चले गए थे। दोपहर में वे र्भाई के घर पहुंचे तो ताला लगा था। चाबी के लिए कई बार फोन लगाया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद वह भाभी के मोबाइल नंबर पर भी संपर्क करते रहे, लेकिन बात नहीं हो सकी। पता न चलने पर परिजनों ने झांसी आकर पुलिस अधिकारियों को सूचना दी।