car not get in meena murder mystry
झांसी। महानगर के चर्चित मीना हत्याकांड में प्रयोग की गई कार को पुलिस आज तक बरामद नहीं कर सकी। इस कार के जरिए महिला को झांसी से दिल्ली ले जाया गया था। जहां बाद में हत्या कर दूसरी गाड़ी से शव को कालपी स्थित यमुना ले जाकर नदी में फेंका था।
तालबेहट निवासी श्यामलता सोनी ने कोतवाली के वासुदेव मोहल्ला निवासी संजय वर्मा पर पुत्री का अपहरण कर दुबई ले जाने की रिपोर्ट दर्र्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक योगेश कुमार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला था कि आरोपी संजय वर्मा की ही कार से मीना सोनी को दिल्ली ले जाया गया था, जिसके बाद हत्या कर दूसरी गाड़ी झांसी से मंगाने के बाद शव को कालपी ले जाकर यमुना नदी में फेंका था।
वहीं, इस हत्याकांड में पुलिस ने कोतवाली के डड़ियापुरा शिव परिवार कॉलोनी निवासी जितेंद्र राय, जालौन के राजेंद्र नगर निवासी नरेंद्र, बैंकर्स कॉलोनी निवासी सर्वेश कुमार और थाना सीपरी बाजार स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी जयनारायण लिटौरिया को भी गिरफ्तार कर जानकारी हासिल की थी। पुलिस ने इस मामले में हाईकोर्ट से गिरफ्तारी स्टे भी खारिज करा लिया है। अब जल्द ही पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। वहीं, अब तक मीना सोनी का शव भी बरामद नहीं हो सका है।