झांसी में कल देर शाम चलती कार आग के गोले में तब्दील हो गई। पूरी घटना झांसी जनपद के गुरसराय थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, फिलहाल कार चालाक ने कूंद कर अपनी जान बचाई। क्या है पूरा मामला नीचे पढिये विस्तार से।
झाँसी जनपद के गुरसराय थाना क्षेत्र में सोमवार शाम को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लगभग शाम 4 बजे डोंडिया से गुरसराय की ओर जा रही एक चलती कार अचानक आग की चपेट में आ गई। हादसा गुरसराय-मऊरानीपुर मार्ग पर स्थित पीएसडी अड़जरिया स्कूल के सामने हुआ, जहां चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से तेज धुआं निकलने लगा और फिर कार धू-धू कर जलने लगी।
विज्ञापन
वाहन संख्या UP80 CE 1357 कार को शिशु दुबे पुत्र आनंद देव चला रहे थे। आग लगने का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए कार से छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के चलते कोई सफलता नहीं मिल सकी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन जब तक दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार को भारी नुकसान पहुंचा है।
विज्ञापन
इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे किसी राहगीर ने मौके पर बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह आग की लपटों में घिरी कार जलती रही और राहगीर सुरक्षित दूरी से तमाशबीन बने रहे।
फिलहाल आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। संभावना जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी के चलते यह आग लगी हो सकती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।