तालबेहट(ललितपुर)। कोतवाली क्षेत्र के गांव बम्होरीसर स्थित हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह बेकाबू कार की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कार में सवार युवक को पीट दिया और सर्विस रोड की मांग को लेकर हाईवे पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। करीब एक घंटे तक लगे जाम से हाईवे पर वाहनों की कतारें लग गई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उदगुवां भोपालपुरा निवासी ऊदल (22) पुत्र गोविंद अपने भतीजे अरविंद कुमार कोमल के साथ सिंघाड़ा बेचने के लिए ललितपुर जाने वाली बस के इंतजार में हाईवे पर खड़ा था। उसी समय बाइक से बम्होरीसर निवासी कुलदीप (26) पुत्र जसवंत सिंह लोधी और रूपेश पुत्र निर्बल सिंह लोधी आए और ऊदल से बात करने लगे।
इस दौरान झांसी से ललितपुर की ओर तेज गति से जा रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद कार आगे खड़े ऊदल समेत वहां खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए पेड़ से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऊदल और कुलदीप की मौत हो गई। वहीं रूपेश और अरविंद घायल हो गए। घायलों को तत्काल सीएचसी तालबेहट भेज दिया गया।
घटना से गुस्साए लोगों ने कार में सवार युवक की जमकर धुनाई कर दी। सर्विस रोड की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर उपजिलाधिकारी अमित कुमार भारतीय, क्षेत्राधिकारी इमरान अहमद, तहसीलदार अभिमन्यु कुमार, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समझा बुझाकर ग्रामीणों का शांत कराया। लगभग एक घंटे बाद यातायात शुरू हो सका। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
==================